उत्तराखंड

2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा ऐलान, 16 फरवरी को लोक भवन कूच की तैयारी तेज

Congress makes a major announcement ahead of the 2027 assembly elections, preparations intensify for a march to Lok Bhawan on February 16.

देहरादून: उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने अभी से चुनावी मैदान में सक्रियता बढ़ा दी है और भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने आगामी 16 फरवरी को लोक भवन कूच करने का ऐलान किया है। इसे लेकर कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में एक अहम रणनीतिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन को सफल बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रदेश मुख्यालय में रणनीतिक बैठक, गढ़वाल मंडल पर खास फोकस

कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत मौजूद रहे। बैठक में गढ़वाल मंडल के सभी जिलों और महानगर अध्यक्षों के साथ-साथ कांग्रेस के विभिन्न अनुशांगिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
इस दौरान 16 फरवरी को प्रस्तावित लोक भवन (राजभवन) कूच को लेकर जिम्मेदारियां तय की गईं और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।

महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था होंगे मुख्य मुद्दे

बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने कहा कि 16 फरवरी का लोक भवन घेराव ऐतिहासिक होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह विफल रही है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और जनविरोधी नीतियों ने आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में देहरादून पहुंचकर राज्यपाल के माध्यम से सरकार की विफलताओं को उजागर करेंगे।

सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा: कांग्रेस

प्रीतम सिंह ने साफ किया कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह कांग्रेस नेतृत्व देशभर में आम जनता की आवाज बुलंद कर रहा है, उसी भावना के साथ उत्तराखंड कांग्रेस भी राज्य की जनता के हक के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी।

बीजेपी सरकार पर सांप्रदायिक राजनीति का आरोप

वहीं बैठक में कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की जनता भाजपा सरकार से त्रस्त है और सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए सांप्रदायिकता का सहारा ले रही है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और अब जनता भाजपा को सबक सिखाने के मूड में है।

90 दिनों का रोडमैप तैयार करने के निर्देश

बैठक के अंत में कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी आंदोलनों की तैयारी के लिए 90 दिनों के रोडमैप पर काम करने के निर्देश दिए। कांग्रेस का दावा है कि आने वाले समय में पार्टी सरकार को हर मोर्चे पर घेरेगी और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button