उत्तराखंड

सीएम धामी पहुंचे सीमांत मिलम, आईटीबीपी जवानों और ग्रामीणों से की मुलाकात

CM Dhami reached the border village of Milam and met with ITBP soldiers and villagers.

मिलम/पिथौरागढ़। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने दो दिवसीय पिथौरागढ़ दौरे पर सीमांत क्षेत्रों का जायजा ले रहे हैं। रविवार को उन्होंने मुनस्यारी और मिलम गांव का दौरा किया, जहां स्थानीय लोगों और आईटीबीपी के जवानों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने आईटीबीपी कैंप में जवानों के साथ समय बिताया, उन्हें जलेबी परोसी और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। इस दौरान उन्होंने सीमांत क्षेत्र में तैनात जवानों की देश सेवा और समर्पण की सराहना की।

सीमांत इलाकों के लोगों और जवानों का बढ़ाया हौसला

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दुर्गम परिस्थितियों में भी देश की सेवा में समर्पित हमारे आईटीबीपी जवान और सीमांत क्षेत्र के निवासी वास्तव में प्रेरणादायक हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्रों को सशक्त बनाने के लिए वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके तहत सीमांत गांवों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और इन इलाकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

सीमा क्षेत्रों में हो रहा अभूतपूर्व विकास

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वतंत्र भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने आदि कैलाश, गुंजी, माना और हर्षिल जैसे दुर्गम सीमांत क्षेत्रों का दौरा किया है। उन्होंने न केवल वहां जाकर लोगों से संवाद किया बल्कि सुरक्षा बलों का मनोबल भी बढ़ाया। चाहे त्योहार का अवसर हो या राष्ट्र सेवा का आह्वान — प्रधानमंत्री हमेशा सीमा पर तैनात जवानों और ग्रामीणों के साथ खड़े दिखाई देते हैं।

वाइब्रेंट विलेज योजना में शामिल होंगे और गांव

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना में पिथौरागढ़ जिले के कुछ सीमांत गांव अभी शामिल नहीं हो पाए हैं। राज्य सरकार जल्द ही ऐसे गांवों की सूची केंद्र सरकार को भेजेगी ताकि उन्हें भी विकास योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि मल्ला जोहार क्षेत्र के अध्ययन, संरक्षण और विकास के लिए आवश्यक होने पर एक आयोग का गठन किया जाएगा।

नई घोषणाओं से बढ़ेगी क्षेत्र की समृद्धि

अपने दौरे के दौरान सीएम धामी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने मुनस्यारी के जोहार क्लब में इनडोर स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम मिलम में स्थित नंदा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य कराने और ग्राम बिल्जू में सामुदायिक मिलन केंद्र के निर्माण की भी घोषणा की।

सीएम धामी का यह दौरा सीमांत क्षेत्रों में नई उम्मीदें जगाने वाला साबित हो रहा है। उनके इस दौरे से न केवल स्थानीय लोगों और जवानों का उत्साह बढ़ा है, बल्कि सीमांत इलाकों के समग्र विकास की दिशा में एक ठोस कदम भी उठाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button