Dehradun: उत्तराखंड पुलिस भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में, 2000 आरक्षियों की नियुक्ति तय
Uttarakhand Police recruitment process in its final stage, appointment of 2000 constables confirmed.
देहरादून: उत्तराखंड पुलिस विभाग में लंबे समय से रिक्त पड़े आरक्षी पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने शारीरिक माप-जोख परीक्षा और लिखित परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों की संयुक्त श्रेष्ठता सूची जारी कर दी है। साथ ही अभ्यर्थियों के अभिलेखों की स्क्रूटनी की तारीख भी तय कर दी गई है, जिसके बाद अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
लगभग 2000 नए आरक्षी होंगे नियुक्त
इस भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने से उत्तराखंड पुलिस विभाग को करीब 2000 नए आरक्षी मिलने जा रहे हैं। हालांकि भर्ती प्रक्रिया काफी पहले शुरू हो चुकी थी, लेकिन न्यायालय में मामला चले जाने के कारण इसमें लगातार देरी होती रही। अब न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलने के बाद आयोग ने भर्ती को पुनः गति दी है।
संयुक्त श्रेष्ठता सूची में 2545 अभ्यर्थियों के नाम
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने कुल 2545 अभ्यर्थियों की सूची जारी की है। यह सूची शारीरिक नाप-जोख परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा के अंकों के आधार पर तैयार की गई है। मेरिट के अनुसार सूची जारी की गई है, हालांकि आरक्षी पदों की कुल संख्या 2000 है। अभिलेखों की जांच के दौरान संभावित कटौती को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त अभ्यर्थियों को सूची में शामिल किया गया है। अभिलेखों की स्क्रूटनी के बाद अंतिम मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों के नाम शामिल होंगे।
अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन 12 जनवरी 2026 को
आयोग ने सूची में शामिल सभी अभ्यर्थियों को 12 जनवरी 2026 की तारीख तय की है। इस दिन अभ्यर्थी आयोग कार्यालय में उपस्थित होकर अपने मूल अभिलेखों की स्क्रूटनी करवा सकेंगे। अभिलेखों के सत्यापन के बाद ही अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया की समयरेखा
इन पदों के लिए आयोग ने 30 अक्टूबर 2024 को विज्ञप्ति जारी की थी। कुल 2000 रिक्त पदों के लिए 24 फरवरी से 4 अप्रैल 2025 के बीच राज्य के 17 विभिन्न केंद्रों पर शारीरिक माप-जोख एवं दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 3 अगस्त 2025 को संपन्न कराई गई।
न्यायालय में चुनौती के बाद प्रक्रिया में देरी
परीक्षा संपन्न होने के बाद भर्ती प्रक्रिया न्यायालय में चुनौती के कारण अटक गई थी। 19 दिसंबर 2025 को कोर्ट ने भर्ती पर लगी रोक को समाप्त करने के आदेश दिए। इसके बाद आयोग ने तेजी दिखाते हुए अभिलेखों की स्क्रूटनी के लिए श्रेष्ठता सूची जारी कर दी।
नए आरक्षियों की नियुक्ति से बढ़ेगा पुलिस विभाग का मानक
अब उम्मीद है कि जल्द ही अंतिम चयन सूची जारी होगी और उत्तराखंड पुलिस विभाग में नए आरक्षियों की नियुक्ति पूरी हो जाएगी, जिससे विभाग को अपने संचालन और कानून व्यवस्था बनाए रखने में मजबूती मिलेगी।


