उत्तराखंड

अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र में दर्दनाक बस हादसा, 7 यात्रियों की मौत, 14 महीने में दूसरी बड़ी दुर्घटना

A tragic bus accident in the Salt area of ​​Almora claims the lives of 7 passengers; this is the second major accident in 14 months.

अल्मोड़ा/रामनगर: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट भिकियासैंण क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर द्वाराहाट से रामनगर की ओर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सैलापानी बैंड के पास गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे।

7 यात्रियों की मौत, कई गंभीर घायल

प्रशासन से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में 7 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है। बस में कुल 19 यात्री सवार थे। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण घायलों को बाहर निकालने में राहत दलों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।

केएमओयू की बस हुई दुर्घटनाग्रस्त

हादसे का शिकार हुई बस रामनगर स्थित कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) लिमिटेड की बताई जा रही है, जिसका पंजीकरण नंबर यूके 07 पीए 4025 है। यह बस सोमवार सुबह रामनगर से द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बस द्वाराहाट से रामनगर के लिए निकली, लेकिन लगभग डेढ़ घंटे बाद सैलापानी बैंड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि बस चालक और परिचालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

राहत एवं बचाव कार्य में आई चुनौतियां

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। खाई गहरी होने और रास्ता संकरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आईं। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों तक पहुंचाया गया।

मृतकों और घायलों की पुष्टि

अल्मोड़ा जिला प्रशासन के अनुसार मृतकों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। मृतकों में बुजुर्ग दंपती, एक सेवानिवृत्त सैनिक और युवा यात्री भी शामिल हैं। एक मृतक की पहचान अभी की जा रही है। वहीं घायलों में महिलाएं, बुजुर्ग और नाबालिग भी शामिल हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

सीएम धामी ने जताया शोक

हादसे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले की निगरानी करने और हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

14 महीनों में सल्ट क्षेत्र का दूसरा बड़ा हादसा

गौरतलब है कि सल्ट तहसील क्षेत्र में 14 महीनों के भीतर यह दूसरी बड़ी बस दुर्घटना है। इससे पहले नवंबर 2024 में मारचूला के पास एक बस हादसे में 36 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button