अंकिता भंडारी हत्याकांड फिर गरमाया, कांग्रेस का BJP पर हमला, प्रदेशभर में प्रदर्शन तेज
The Ankita Bhandari murder case has flared up again, with the Congress party attacking the BJP and protests intensifying across the state.
देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर केंद्र में आ गया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन तेज कर दिए हैं। पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद सियासी माहौल और ज्यादा गरमा गया है। कांग्रेस का आरोप है कि मामले में अब तक पूरी सच्चाई सामने नहीं लाई गई और प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की गई।
निष्पक्ष जांच की मांग, कैंडल मार्च निकाला
मामले को लेकर कांग्रेस ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने डोईवाला ब्लॉक में कैंडल मार्च निकालकर अंकिता को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी को इंसाफ तभी मिलेगा, जब मामले की जांच किसी निष्पक्ष एजेंसी से कराई जाए। पार्टी ने हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में जांच की मांग दोहराई है।
यूथ कांग्रेस का आक्रोश, पुलिस से झड़प
बीते दिन अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर यूथ कांग्रेस ने भी जोरदार प्रदर्शन किया। लैंसडाउन चौक के पास स्थित भाजपा महानगर कार्यालय की ओर कूच कर रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कनक चौक पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।
युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता पहले राजीव भवन में एकत्र हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर रवाना हुए। यूथ कांग्रेस का कहना है कि जब तक अंकिता को पूरा न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
पूरा मामला उस समय और विवादित हो गया, जब अभिनेत्री उर्मिला सनावर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में उन्होंने भाजपा के एक बड़े नेता पर गंभीर आरोप लगाए और अंकिता भंडारी केस में कथित रूप से एक वीवीआईपी का नाम सामने आने की बात कही। वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाते हुए भाजपा पर हमले तेज कर दिए। वहीं, भाजपा नेताओं की ओर से भी इस पूरे मामले पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड
पौड़ी गढ़वाल जिले के डोभ श्रीकोट की रहने वाली 22 वर्षीय अंकिता भंडारी यमकेश्वर स्थित वनंत्रा रिसोर्ट में काम करती थी। वर्ष 2022 में अंकिता की हत्या का मामला सामने आया था, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। जांच के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। निचली अदालत ने इस मामले में तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई, जिसके बाद से वे जेल में बंद हैं।
राजनीति में बना हुआ है मुद्दा
हालांकि दोषियों को सजा मिल चुकी है, लेकिन कांग्रेस का आरोप है कि मामले में कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं। पार्टी का कहना है कि जब तक हर पहलू की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक वह इस मुद्दे को उठाती रहेगी। वहीं, भाजपा इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर जनता को गुमराह करने का आरोप कांग्रेस पर लगा रही है। फिलहाल, अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति में सियासी टकराव का बड़ा मुद्दा बन गया है।

