मुख्यमंत्री धामी ने पुलिस स्मृति दिवस पर दी श्रद्धांजलि, शहीद परिवारों को किया सम्मानित — पुलिस बल को मिलेगा रजत जयंती पदक
Chief Minister Dhami pays tribute on Police Memorial Day, honors martyr families – Police force to receive Silver Jubilee Medal
देहरादून: पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। उन्होंने पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों का बलिदान देश की आंतरिक सुरक्षा की नींव है और उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
रजत जयंती पदक और नई घोषणाएं
सीएम धामी ने राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर सभी पुलिस कर्मियों को विशेष ‘रजत जयंती पदक’ देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के कल्याण और आवास निर्माण के लिए अगले तीन वर्षों तक हर साल 100 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही पुलिस कल्याण निधि को 2.5 करोड़ से बढ़ाकर 4.5 करोड़ रुपये करने का भी ऐलान किया गया।
आवास और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने विगत तीन वर्षों में पुलिस विभाग के भवनों के निर्माण के लिए 500 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की है। वर्तमान में 688 आवासीय भवन निर्माणाधीन हैं और जल्द ही 120 नए आवास भी बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस के लिए बेहतर कार्य वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्मार्ट पुलिसिंग और कल्याण योजनाएं
धामी ने कहा कि स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पुलिस कर्मियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा दी जा रही है और पदोन्नति प्रक्रिया को भी समयबद्ध किया गया है। इस वर्ष 356 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी प्रमोशन पा चुके हैं।
साइबर अपराध के खिलाफ सख्त कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक युग में साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती बन चुका है। सरकार पुलिस को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रशिक्षण दिला रही है। उत्तराखंड पुलिस ने साइबर फ्रॉड के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर अब तक 63 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पीड़ितों को लौटाई है।
चारधाम और आपदाओं में अद्भुत सेवा
धामी ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस ने कांवड़ यात्रा और चारधाम यात्रा में करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन कराकर अद्वितीय सेवा की है। साथ ही प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी पुलिस ने साहस और तत्परता दिखाकर कई लोगों की जान बचाई। उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस बल को और अधिक सशक्त, संसाधनयुक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है।

