उत्तराखंड

तीर्थराज पुष्कर में मुख्यमंत्री धामी ने की पूजा-अर्चना, कहा—‘इसी आध्यात्मिक आभा से मिला मेरा नाम’

Chief Minister Dhami offered prayers at Tirtharaj Pushkar, saying, 'It is because of this spiritual aura that I got my name'

देहरादून/अजमेर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजस्थान के अजमेर स्थित तीर्थराज पुष्कर में विश्वप्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि तथा मंगलमय जीवन के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके माता-पिता ने इसी पवित्र धरा और इसके आध्यात्मिक महत्व से प्रभावित होकर उनका नाम ‘पुष्कर’ रखा था।


ब्रह्मा मंदिर में की विशेष पूजा, प्रदेश की खुशहाली की कामना

मुख्यमंत्री धामी तड़के ही ब्रह्मा मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने परंपरागत विधि से पूजा की। उन्होंने कहा कि ब्रह्मा जी की इस पावन धरती पर उपस्थित होना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने श्रद्धापूर्वक प्रार्थना करते हुए कहा कि वे उत्तराखंड सहित पूरे देश में शांति, समृद्धि और सद्भाव की कामना करते हैं।


उत्तराखंड धर्मशाला के द्वितीय तल का लोकार्पण

पुष्कर यात्रा के दौरान सीएम धामी ने अजमेर स्थित अखिल भारतीय उत्तराखंड धर्मशाला आश्रम के द्वितीय तल का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि यह धर्मशाला भविष्य में तीर्थयात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण ठहराव स्थल बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्थान उत्तराखंड और राजस्थान के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को और अधिक मजबूत करेगा।


पुष्कर को बताया सनातन संस्कृति की अनश्वर ज्योति

अपने संबोधन में धामी ने धार्मिक ग्रंथों का उल्लेख करते हुए कहा कि पुष्कर, कुरुक्षेत्र, हरिद्वार, गया और प्रयाग को पंचतीर्थ के रूप में वर्णित किया गया है। इनमें से पुष्कर को ‘तीर्थों का गुरु’ कहा गया है। उन्होंने कहा कि यह स्थल केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की अविरल प्रवाहमान ज्योति है, जो मानवता को धर्म, तप और सद्गुणों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।


धार्मिक आभा से प्रेरित होकर मिला ‘पुष्कर’ नाम: सीएम धामी

भावुक होते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनके माता-पिता ने इस पावन भूमि की आध्यात्मिक महिमा से प्रेरित होकर ही उनका नाम ‘पुष्कर’ रखा। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडियों और आयोजकों का धन्यवाद जताते हुए कहा कि उन्हें राजस्थान में नहीं बल्कि देवभूमि के अपने परिवार के बीच होने का अनुभव हो रहा है।


कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा—जनता ने नकारा तुष्टिकरण

कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति को देश की जनता बार-बार नकार चुकी है। बिहार, महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनावों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां जनता ने कांग्रेस को स्पष्ट संदेश दिया है। धामी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते कांग्रेस देश के विरोध में खड़ी हो गई और जनता ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button