उत्तराखंड

घोड़ा लाइब्रेरी महोत्सव में सीएम धामी, कालाढूंगी–कोटाबाग को 114 करोड़ से ज्यादा की विकास सौगात

At the Ghoda Library Festival, CM Dhami announced development projects worth over 114 crore rupees for Kaladhungi-Kotabagh.

रामनगर: विधानसभा कालाढूंगी के कोटाबाग क्षेत्र में आयोजित घोड़ा लाइब्रेरी ‘पहाड़ पंछ्याण’ महोत्सव 2025 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत कर क्षेत्र को बड़ी विकास सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी विधानसभा और नैनीताल जनपद से जुड़ी 114 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही घोड़ा लाइब्रेरी ‘पहाड़ पंछ्याण’ महोत्सव के लिए 91 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर सांस्कृतिक पहल को मजबूती दी।

शिक्षा, संस्कृति और आधारभूत ढांचे पर फोकस

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कृति और आधारभूत ढांचे को समान रूप से सशक्त करना है। उन्होंने संकल्प फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि घोड़ा लाइब्रेरी जैसे नवाचार पहाड़ की लोकसंस्कृति और ज्ञान परंपरा को नई पहचान दे रहे हैं। उन्होंने इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

सड़क, पुल और मंदिर विकास को मिली गति

मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी–कोटाबाग क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़क और पुल परियोजनाओं की घोषणा की। भगवानपुर प्राथमिक विद्यालय से इंटर कॉलेज लामाचौड़ होते हुए कालाढूंगी मुख्य मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण कार्य को 380.88 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा ग्राम वालाकोट (भाटलानी) स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य का 104.56 लाख रुपये की लागत से लोकार्पण किया गया।

सेतु और मार्ग निर्माण से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

राज्य योजना के तहत कोटाबाग–रामनगर–कालाढूंगी–हल्द्वानी–काठगोदाम मार्ग पर निहाल नदी में 24 मीटर स्पान के आरसीसी सेतु निर्माण के लिए 319.20 लाख रुपये का शिलान्यास किया गया। वहीं हल्द्वानी में आईटीआई क्रॉसिंग से रामपुर रोड और डॉ. सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज के पास नहर कवरिंग के बाद सड़क चौड़ीकरण के लिए 2374 लाख रुपये की परियोजना शुरू की गई।

शिक्षा और बिजली ढांचे को भी मजबूती

अन्य योजनाओं में राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग में चारदीवारी, फेंसिंग और मैदान समेकन कार्य (95.90 लाख), ग्राम फूलचौड़ और विधानसभा कॉलोनी के मार्गों का निर्माण, काठगोदाम और हल्द्वानी क्षेत्र में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र और लाइनों से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। साथ ही नैनीताल में पशु चिकित्सालय भवन निर्माण को भी राज्य योजना के तहत मंजूरी दी गई।

शीतकालीन पर्यटन और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ पर जोर

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा की शुरुआत हुई, जिससे राज्य को नई पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ और ‘एक जिला, एक मेला’ जैसी अवधारणाओं से पर्यटन को 12 महीने सक्रिय रखा जा रहा है। हाल ही में नैनीताल सहित कई जिलों में हुए विंटर फेस्टिवल इसका उदाहरण हैं।

कानून व्यवस्था पर सख्त रुख

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि उत्तराखंड में कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य भाईचारे की मिसाल है, लेकिन कानून तोड़ने या अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि विकास, संस्कृति और पर्यटन के संतुलन से उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button