उत्तराखंड

चंपावत दौरे पर पहुंचे प्रमुख मुख्य वन संरक्षक रंजन कुमार मिश्र, वन पंचायतों की समस्याओं पर दिया समाधान का भरोसा

Ranjan Kumar Mishra, who was on a visit to Champawat, assured that solutions would be provided to the problems faced by the forest panchayats.

चंपावत: उत्तराखंड के प्रमुख मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) रंजन कुमार मिश्र दो दिवसीय जनपद भ्रमण पर चंपावत पहुंचे। अपने दौरे के पहले दिन उन्होंने जिला मुख्यालय स्थित वन विभाग परिसर में आयोजित प्रभाग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने वन पंचायतों से जुड़े सरपंचों और सदस्यों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विशेष रूप से जनपद में बढ़ते मानव–वन्यजीव संघर्ष के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई, जिस पर पीसीसीएफ ने प्रभावी समाधान का भरोसा दिलाया।

प्रदेशभर में लागू होगी प्रभाग दिवस की पहल

चंपावत वन विभाग परिसर में पीसीसीएफ रंजन कुमार मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित प्रभाग दिवस कार्यक्रम को वन विभाग की एक अनूठी पहल बताया गया। उन्होंने कहा कि चंपावत से शुरू की गई यह व्यवस्था आगे चलकर पूरे उत्तराखंड में लागू की जाएगी, ताकि वन पंचायतों और स्थानीय लोगों की समस्याएं सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुंच सकें। कार्यक्रम में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और जिलेभर से आए वन पंचायत सरपंचों ने भाग लिया।

वन पंचायतों ने रखीं जमीनी समस्याएं

प्रभाग दिवस के दौरान वन पंचायत प्रतिनिधियों ने जंगली जानवरों से फसलों और मानव जीवन को हो रहे नुकसान, तारबाड़ की कमी, पानी की समस्या, हक-हकूक से जुड़े मामलों और वन संसाधनों के संरक्षण से संबंधित मुद्दे प्रमुखता से उठाए। पीसीसीएफ ने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि वन पंचायतें वन संरक्षण की रीढ़ हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान विभाग की प्राथमिकता है।

मानव–वन्यजीव संघर्ष पर सख्त रुख

जनपद में लगातार बढ़ रहे मानव–वन्यजीव संघर्ष को लेकर पीसीसीएफ रंजन कुमार मिश्र ने वन विभाग को अधिक संवेदनशील और सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए स्थानीय समुदाय का सहयोग बेहद जरूरी है। इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम, सुरक्षा उपाय और त्वरित राहत व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

टनकपुर में एनएचपीसी पावर स्टेशन का निरीक्षण

अपने दौरे के दौरान प्रमुख मुख्य वन संरक्षक ने शनिवार को चंपावत के मैदानी क्षेत्र में स्थित एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन का भी भ्रमण किया। उन्होंने विद्युत गृह, स्विच यार्ड, बैराज परिसर और इंडो-नेपाल कैनाल का निरीक्षण किया तथा वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान पर्यावरण और वन संरक्षण से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा की गई।

समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन

कार्यक्रम के समापन पर पीसीसीएफ रंजन कुमार मिश्र ने कहा कि वन विभाग आमजन और वन पंचायतों के साथ मिलकर कार्य करेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उठाई गई समस्याओं का समाधान चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा और मानव–वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, आम नागरिक और वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्रभाग दिवस कार्यक्रम को स्थानीय लोगों ने वन विभाग और जनता के बीच संवाद का एक मजबूत माध्यम बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button