अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस का आक्रोश, ऋषिकेश में महिला कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
The Congress party expressed outrage over the Ankita Bhandari murder case, and the women's wing of the Congress held a protest in Rishikesh.
ऋषिकेश: अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब तक कई अहम सवालों के जवाब नहीं मिलने से कांग्रेस का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेशभर में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही कांग्रेस ने इस मामले को लेकर एक बार फिर सड़कों पर उतरने का ऐलान किया है। इसी क्रम में शनिवार को महिला कांग्रेस ने ऋषिकेश में यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रेनू बिष्ट के आवास का घेराव करने का प्रयास किया।
महिला कांग्रेस का विधायक आवास घेरने का प्रयास
उत्तराखंड कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता 3 जनवरी को पौड़ी गढ़वाल जिले के अंतर्गत ऋषिकेश स्थित आशुतोष नगर में यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट के आवास की ओर कूच कर रही थीं। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया। पुलिस ने विधायक आवास से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया।
पुलिस से तीखी नोकझोंक, सड़क पर बैठकर नारेबाजी
पुलिस द्वारा रोके जाने पर महिला कांग्रेस नेताओं में नाराजगी देखने को मिली। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिस दौरान उनकी पुलिसकर्मियों के साथ तीखी नोकझोंक हो गई। इसके बाद ज्योति रौतेला सड़क पर बैठ गईं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर मौजूद महिला कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की।
‘सरकार सवालों से बच रही है
मीडिया से बातचीत में ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब तक कई अहम सवाल अनुत्तरित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट ने इस मामले में आज तक सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि हत्याकांड में कथित वीआईपी कौन है और ‘गट्टू’ नामक व्यक्ति की भूमिका क्या है, इसका जवाब सरकार क्यों नहीं दे रही है।
सीबीआई जांच से क्यों डर रही है सरकार
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि सरकार सच में अंकिता को न्याय दिलाना चाहती है, तो सीबीआई जांच से परहेज क्यों कर रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक सरकार इन सवालों का जवाब नहीं देगी और निष्पक्ष जांच नहीं कराएगी, तब तक महिला कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। यह प्रदर्शन केवल ऋषिकेश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे उत्तराखंड में इसे और तेज किया जाएगा।
वायरल ऑडियो से बढ़ा राजनीतिक तनाव
दरअसल हाल ही में ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी द्वारा जारी एक ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें कथित वीआईपी और ‘गट्टू’ के नाम का दावा किया गया है। इस ऑडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस, यूकेडी और कई सामाजिक संगठन सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं और सीबीआई जांच की मांग तेज हो गई है।
सबूत मिटाने का आरोप
कांग्रेस ने यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस रिसॉर्ट में अंकिता भंडारी काम करती थी और जहां उस पर कथित रूप से दबाव बनाया गया था, उसी रिसॉर्ट को जेसीबी से गिराया गया। कांग्रेस का आरोप है कि यह कार्रवाई सबूत मिटाने के उद्देश्य से की गई। हालांकि इस पूरे मामले पर सरकार या विधायक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कांग्रेस नेताओं ने दो टूक कहा कि जब तक अंकिता भंडारी को पूरा न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और सरकार को हर स्तर पर घेरा जाएगा।

