विंटर लाइन कार्निवाल से जगमगाई मसूरी, संस्कृति–संगीत और पर्यटन का भव्य उत्सव शुरू
Mussoorie illuminated by the Winter Line Carnival; a grand celebration of culture, music, and tourism begins.
मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी एक बार फिर संस्कृति, संगीत और पर्यटन के रंग में सराबोर हो गई है। बुधवार को सर्वे मैदान से निकाली गई भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा के साथ मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल का औपचारिक शुभारंभ किया गया। शोभायात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से की गई पुष्प वर्षा ने पूरे शहर को उत्सवमय माहौल में बदल दिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकार, ढोल-दमाऊ और लोकधुनों की गूंज ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को खासा आकर्षित किया।
यह शोभायात्रा सर्वे मैदान से शुरू होकर लंढौर बाजार, घंटाघर और कुलड़ी मॉल रोड से गुजरते हुए गांधी चौक पर संपन्न हुई। यात्रा में गढ़वाल सभा मसूरी, झूमेलो ग्रुप समेत कई सांस्कृतिक दलों के कलाकारों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा और लोकनृत्य ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
गांधी चौक पर बैंड और लोक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
गांधी चौक पहुंचने पर आईटीबीपी और सीआरपीएफ बैंड की सधी हुई प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। इसके साथ मांगल गीतों का आयोजन हुआ और स्वजन शिक्षा समिति के तत्वावधान में प्रस्तुत लोकनृत्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्निवाल के पहले ही दिन चौक पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया उद्घाटन
गांधी चौक पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विधिवत रूप से विंटर लाइन कार्निवाल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद उत्तराखंड का पर्यटन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। ऐसे में मसूरी और नैनीताल में विंटर लाइन कार्निवाल की शुरुआत पर्यटन और स्थानीय कारोबार को दोबारा गति देने के उद्देश्य से की गई थी, जिसका सकारात्मक असर आज साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं।
पहला दिन इंद्रमणि बडोनी को समर्पित
मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि कार्निवाल का पहला दिन ‘उत्तराखंड के गांधी’ इंद्रमणि बडोनी की स्मृति को समर्पित किया गया है, जबकि दूसरा दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य गठन ने उत्तराखंड को एक अलग पहचान दी, जिसका यह सांस्कृतिक उत्सव भी प्रतीक है।
29 दिसंबर तक चलेगा आयोजन
एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि विंटर लाइन कार्निवाल 29 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान अगले छह दिनों तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्टार नाइट समेत प्रमुख कार्यक्रम टाउनहॉल में होंगे। संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
लोक कलाकारों की दमदार प्रस्तुतियां
कार्निवाल के दौरान करिश्मा शाह, रुहान भारद्वाज, मीना राणा, गजेंद्र राणा और सौरभ मैठाणी जैसे प्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। साथ ही इंद्रमणि बडोनी के जीवन पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
पर्यटन को नई दिशा
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। होमस्टे योजना से पहाड़ी गांवों में बंद पड़े घरों को फिर से जीवंत किया गया है, जिससे ग्रामीण पर्यटन को भी मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री व्यस्तता के कारण उद्घाटन में शामिल नहीं हो सके, लेकिन कार्निवाल के दौरान एक दिन मसूरी आकर शहर को बड़ी सौगात देंगे।

