उत्तराखंड

उत्तराखंड स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने दिया विकास का नया रोडमैप, ‘एक जिला एक मेला’ और ‘वाइब्रेंट विलेज’ पर किया फोकस

On Uttarakhand Foundation Day, PM Modi presented a new roadmap for development, focusing on 'One District One Fair' and 'Vibrant Villages'.

देहरादून: उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की संस्कृति, अर्थव्यवस्था और पर्यटन को जोड़ते हुए आने वाले 25 वर्षों का विकास रोडमैप प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का अगला चरण ‘विकसित भारत’ के अभियान का सशक्त हिस्सा बनेगा। उन्होंने राज्य सरकार को कई सुझाव दिए जो पर्वतीय विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगे।

भविष्य के 25 वर्षों की रूपरेखा पेश की

राज्य स्थापना दिवस पर देहरादून पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड ने बीते 25 सालों में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। अब समय है कि आने वाले 25 सालों को देश के विकास अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि “अगले 25 वर्ष उत्तराखंड के स्वर्णिम काल होंगे” और इसके लिए गांव से लेकर विधानसभा स्तर तक योजनाएं तैयार करने की जरूरत है।

‘वाइब्रेंट विलेज’ से पर्यटन तक जोड़ने का सुझाव

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सरकार ‘वाइब्रेंट विलेज’ योजना पर काम कर रही है और वे चाहते हैं कि उत्तराखंड का हर गांव एक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो। उन्होंने कहा कि स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन और होमस्टे मॉडल को बढ़ावा देने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन पर रोक लगेगी।

‘एक जिला एक मेला’ अभियान की जरूरत पर जोर

पीएम मोदी ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति और मेलों को राज्य की आत्मा बताया। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रदेश में ‘एक जिला एक मेला’ अभियान शुरू किया जाना चाहिए, जिससे हर जिले की विशिष्टता देश-दुनिया तक पहुंचे। उन्होंने नंदा देवी मेला, जौलजीवी मेला, उत्तरायणी मेला, देवीधुरा मेला और बटर फेस्टिवल जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे स्थानीय पहचान और आर्थिक विकास दोनों को बल मिलेगा।

विधानसभा स्तर तक पर्यटन का नया प्लान

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की हर विधानसभा में पर्यटन की नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक क्षेत्र में योग केंद्र, आयुर्वेदिक संस्थान, नेचुरोपैथी सेंटर और होम स्टे विकसित किए जाएं ताकि देशी-विदेशी पर्यटक आकर्षित हों।

हॉर्टिकल्चर और हर्बल खेती में अवसर

पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड में कीवी, ब्लूबेरी, हर्बल और औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि फूड प्रोसेसिंग, हस्तशिल्प और ऑर्गेनिक उत्पादों के माध्यम से एमएसएमई को सशक्त किया जा सकता है।

इको और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा

प्रधानमंत्री ने राज्य में इको टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म को युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर बताया। उन्होंने फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड को फिल्म और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा सकता है।

5 से 7 नई डेस्टिनेशन विकसित करने का लक्ष्य

पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड में विवाह और पर्यटन स्थलों की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए राज्य सरकार को 5 से 7 विश्वस्तरीय डेस्टिनेशन विकसित करने चाहिए। उन्होंने कहा कि यह न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देगा, बल्कि उत्तराखंड को ‘विकसित भारत’ के अग्रदूत के रूप में स्थापित करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button