उत्तराखंड

उत्तराखंड स्थापना दिवस पर बोले पीएम मोदी – ‘धामी सरकार ने राष्ट्रहित में दिखाई साहसिक नीति, UCC बना मिसाल’

On Uttarakhand Foundation Day, PM Modi said – ‘The Dhami government has shown courageous policies in the national interest, UCC has set an example.’

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तराखंड स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रम में भाग लिया और राज्य के 25वें स्थापना दिवस पर जनता को शुभकामनाएं दीं। देहरादून में आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की कार्यशैली की सराहना की और कहा कि उत्तराखंड आज आत्मविश्वास और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

‘धामी सरकार ने दिखाया राष्ट्रहित का साहस’

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड की धामी सरकार ने राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर अत्यंत साहसिक और निर्णायक नीतियां अपनाई हैं। उन्होंने विशेष रूप से धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा नियंत्रण कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि ये कदम सामाजिक संतुलन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण हैं।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार ने भूमि कब्जाने और डेमोग्राफिक बदलाव जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड सरकार ने जिन नीतियों के साथ काम किया है, वह अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण है।”

UCC लागू करने के लिए पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू करने के लिए मुख्यमंत्री धामी की सराहना की। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने जिस गंभीरता और दूरदर्शिता के साथ UCC को लागू किया है, वह पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। “यह कदम संविधान की भावना और समानता के सिद्धांत को मजबूत करता है,” पीएम मोदी ने कहा।

‘25 साल में उत्तराखंड ने तय किया विकास का नया सफर’

पीएम मोदी ने कहा कि जब उत्तराखंड की स्थापना हुई थी, तब संसाधन सीमित थे और चुनौतियां अधिक थीं, लेकिन आज प्रदेश ने खुद को विकास की नई परिभाषा के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि अब समय है जब राज्य अपनी छिपी संभावनाओं पर ध्यान केंद्रित करे और उन्हें साकार करे।

डिजिटल करेंसी में किसानों को अनुदान: नई पहल की सराहना

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड सरकार की नई पहल की भी प्रशंसा की, जिसके तहत सेब और कीवी के किसानों को डिजिटल करेंसी में अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह तकनीक आधारित पारदर्शिता की दिशा में एक बड़ा कदम है। “आधुनिक तकनीक से अब हर सहायता का ट्रैक रखना संभव हो गया है, इसके लिए मैं राज्य सरकार, आरबीआई और सभी साझेदारों की सराहना करता हूं,” उन्होंने कहा।

₹2 लाख करोड़ की परियोजनाओं से गति पकड़ता विकास

पीएम मोदी ने बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे लगभग तैयार है, जबकि गोविंदघाट रोपवे जैसी परियोजनाएं राज्य के पर्यटन और रोजगार को नई दिशा दे रही हैं।

‘भारत सरकार हमेशा उत्तराखंड के साथ खड़ी है’

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, उद्योग, पर्यटन, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत सरकार हमेशा उत्तराखंड सरकार के साथ खड़ी रहेगी और विकास के हर कदम पर सहयोग देती रहेगी।

अंत में पीएम मोदी ने कहा, “मैं उत्तराखंड के हर नागरिक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। देवभूमि का यह राज्य आने वाले वर्षों में विकास और आत्मनिर्भरता का नया प्रतीक बनेगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button