उत्तराखंड

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय नैनीताल दौरे की सभी तैयारियां पूरी, प्रशासन सतर्क मोड में

All preparations for President Draupadi Murmu's two-day visit to Nainital are complete, and the administration is on high alert.

रामनगर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय नैनीताल जनपद दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय है।

राष्ट्रपति का कार्यक्रम

जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति 3 नवंबर को हल्द्वानी स्थित आर्मी हेलीपैड पर पहुंचेंगी, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह सड़क मार्ग से नैनीताल राजभवन के लिए रवाना होंगी और वहीं रात्रि विश्राम करेंगी।
4 नवंबर को राष्ट्रपति मुर्मू विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर में बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन करेंगी। इसके उपरांत वे कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर छात्रों को उपाधियां प्रदान करेंगी।

प्रशासन ने संभाली कमान

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे समन्वय और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने कार्य करें ताकि भ्रमण के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, विद्युत विभाग को अबाध बिजली व्यवस्था बनाए रखने, और नगर पालिका को साफ-सफाई व लाइटिंग की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही लोक निर्माण विभाग और नेशनल हाईवे प्राधिकरण को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि राष्ट्रपति के रूट पर कोई बाधा या अव्यवस्थित सामग्री न हो।

स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान

मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कार्यक्रम स्थलों पर एम्बुलेंस, विशेषज्ञ चिकित्सक दल, कार्डियोलॉजिस्ट और फिजिशियन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खान-पान की गुणवत्ता पर नजर रखने और भारत दूरसंचार विभाग को बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी बनाए रखने का दायित्व सौंपा गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति का यह दौरा राज्य के लिए गौरव का अवसर है और प्रशासन का लक्ष्य रहेगा कि यह भ्रमण सुरक्षित, व्यवस्थित और ऐतिहासिक हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button