उत्तराखंड

धामी सरकार द्वारा गन्ना मूल्य बढ़ोतरी की घोषणा पर हरिद्वार में भाजपा नेताओं ने की प्रेस वार्ता, जल्द निकलेगी आभार रैली

BJP leaders held a press conference in Haridwar on the announcement of sugarcane price hike by the Dhami government, a gratitude rally will be held soon.

हरिद्वार: उत्तराखंड सरकार द्वारा गन्ना मूल्य में की गई महत्वपूर्ण बढ़ोतरी के बाद हरिद्वार में भाजपा नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस निर्णय को किसानों के हित में ऐतिहासिक बताया। प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि सीएम धामी ने गन्ना मूल्य वृद्धि कर राज्य के हजारों किसानों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही हरिद्वार में एक विशाल आभार रैली निकाली जाएगी, जिसमें जिले के किसान शामिल होकर मुख्यमंत्री और गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा के प्रति आभार व्यक्त करेंगे।

यतीश्वरानंद ने कहा कि इस बार इकबालपुर शुगर मिल के न चल पाने के कारण क्षेत्र के किसानों को असुविधा का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि इस समस्या को देखते हुए उन्होंने जिले में तीसरी शुगर मिल स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे मुख्यमंत्री धामी ने अपनी घोषणाओं में शामिल कर लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दो वर्षों में जिले को तीसरी चीनी मिल मिल जाएगी, जिससे गन्ना किसानों की समस्याओं में काफी कमी आएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि रायसी से कनखल तक गंगा किनारे बनने वाली 23 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 200 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। यह सड़क आगामी चुनावों से पहले बनने की दिशा में आगे बढ़ेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बड़ा लाभ मिलेगा।

जनहित की मांगों को पूरा करती है धामी सरकार : विधायक आदेश चौहान

रानीपुर के विधायक आदेश चौहान ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि जनता की मांगें जब भी सीएम धामी के सामने रखी जाती हैं, वे बिना देरी के उन्हें पूरा करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि उत्तराखंड में गन्ना मूल्य अब यूपी से 5 रुपए अधिक कर दिया गया है। इसके साथ ही देश में पहली बार गन्ना ढुलाई के किराए में भी राहत देने का निर्णय उत्तराखंड सरकार ने लिया है।

चौहान ने कहा कि धामी सरकार के कार्यकाल में किसानों को समय पर भुगतान का लाभ मिल रहा है। इकबालपुर शुगर मिल द्वारा संचालित गन्ना सेंटर भी चलाए जा रहे हैं ताकि किसानों को ढुलाई में किसी तरह की दिक्कत न हो। उन्होंने बताया कि रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के किसानों को इस फैसले से बड़ी राहत मिली है।

किसान पुत्र होने के नाते सीएम ने समझी किसानों की पीड़ा : संजय गुप्ता

पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी किसान परिवार से हैं और इसी वजह से उन्होंने किसानों की समस्याओं को बारीकी से समझा। उन्होंने कहा कि इस बार गन्ने के मूल्य में जंबो बढ़ोतरी की गई है, जिसने किसानों में नई ऊर्जा और उत्साह भर दिया है। ग्रामीण इलाकों में किसानों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए जगह-जगह सीएम के समर्थन में नारों के साथ खुशी व्यक्त की है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि गन्ना मूल्य बढ़ोतरी न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगी, बल्कि कृषि क्षेत्र में सरकार की संवेदनशीलता को भी दर्शाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button