उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट: पर्वतीय जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना, बढ़ेगी ठंड
Weather takes a turn in Uttarakhand: Rain and snowfall expected in hilly districts, leading to a drop in temperature.

देहरादून: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते उत्तराखंड के मौसम में मंगलवार रात से बदलाव देखा गया है। मौसम विभाग ने राज्य के पांच पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, मैदानी इलाकों में कोहरा और ठंड बढ़ने के आसार हैं।
5 नवंबर को होगी बारिश और बर्फबारी
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि 4 नवंबर की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसके प्रभाव से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है।
4,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
6 नवंबर के बाद रहेगा शुष्क मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 6 नवंबर के बाद से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि इन दो दिनों में आकाशीय बिजली के साथ बारिश के आसार बने रहेंगे।
उन्होंने बताया कि बारिश और बर्फबारी के कारण विशेषकर पर्वतीय जिलों में शीतलहर का प्रभाव बढ़ सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में कोहरा छाने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
चारधाम में कंपकंपाती ठंड
- यमुनोत्री धाम: अधिकतम तापमान 12°C, न्यूनतम -1°C
- गंगोत्री धाम: अधिकतम -7°C, न्यूनतम -18°C
- केदारनाथ धाम: अधिकतम -4°C, न्यूनतम -15°C
- बदरीनाथ धाम: अधिकतम -1°C, न्यूनतम -12°C
यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं, जबकि बदरीनाथ यात्रा अभी जारी है, लेकिन वहां भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है।

