उत्तराखंड बनेगा ‘खेल भूमि’, हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय, आठ शहरों में खुलेंगी 23 खेल अकादमियां
Uttarakhand will become 'Khel Bhoomi', Sports University in Haldwani, 23 sports academies to be opened in eight cities

देहरादून: उत्तराखंड राज्य अपनी रजत जयंती वर्ष में खेल क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव की ओर अग्रसर है। हाल ही में राज्य में पहली बार आयोजित हुए राष्ट्रीय खेलों ने उत्तराखंड को खेल जगत में एक नई पहचान दिलाई। इस आयोजन के माध्यम से राज्य में खेल संस्कृति का व्यापक विकास हुआ है, जिससे खिलाड़ियों को आधारभूत संरचना और नए अवसर प्राप्त हुए हैं।
राज्य सरकार ने इस सफलता को आगे बढ़ाते हुए कई निर्णायक कदम उठाए हैं। सबसे बड़ा कदम हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय की स्थापना है, जिसका शिलान्यास आगामी 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर किया जाएगा। इस विश्वविद्यालय का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण, उच्च स्तरीय शिक्षा और आधुनिक खेल संसाधन उपलब्ध कराना है।
23 खेल अकादमियों का होगा शुभारंभ
सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि जिन आठ शहरों में हाल ही में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हुआ था, वहां कुल 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। इसका उद्देश्य दोहरा है — खेल आयोजन के दौरान बने इंफ्रास्ट्रक्चर का बेहतर उपयोग और खिलाड़ियों को उनके ही शहरों में बेहतरीन प्रशिक्षण का अवसर देना।
राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का ऐतिहासिक प्रदर्शन
38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 से अधिक पदक हासिल किए, जबकि पिछली बार गोवा में केवल 24 पदक मिले थे। इस उल्लेखनीय प्रगति ने उत्तराखंड को देश की शीर्ष 10 खेल राज्यों की सूची में शामिल कर दिया है, जहां राज्य ने सातवां स्थान प्राप्त किया।
खिलाड़ियों के लिए बनी नई खेल नीति
राज्य सरकार ने 2021 में एक नई खेल नीति लागू की, जिसके तहत ओलंपिक पदक विजेताओं को 1 से 2 करोड़ रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसके अतिरिक्त, अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक लाने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों और छात्रवृत्तियों का लाभ भी मिल रहा है।
मुख्यमंत्री का विज़न: खेलों में उत्तराखंड को अग्रणी बनाना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य को ‘देवभूमि’ के साथ-साथ ‘खेल भूमि’ के रूप में पहचान दिलाने का संकल्प जताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए निवेश कर रही है और खिलाड़ियों के लिए समर्पित योजनाएं लागू की जा रही हैं।
खेल युवाओं को दे रहे नई दिशा
सरकार का मानना है कि खेलों के माध्यम से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि युवा अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व जैसे गुण भी सीखते हैं। खेल विश्वविद्यालय और अकादमियों की स्थापना उत्तराखंड के युवाओं को खेलों में करियर की दिशा में नई राह दिखाएगी।
उत्तराखंड सरकार की ये पहलें राज्य को खेलों के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगी और हजारों युवाओं को उनके सपनों को साकार करने का मौका देंगी।