उत्तराखंड

नववर्ष के जश्न में डूबीं मसूरी और नैनीताल, पहाड़ों में उमंग और उल्लास के साथ हुआ नए साल का स्वागत

Mussoorie and Nainital were immersed in New Year celebrations, as the new year was welcomed with enthusiasm

मसूरी/नैनीताल। नववर्ष के स्वागत में उत्तराखंड की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मसूरी और सरोवर नगरी नैनीताल पूरी तरह जश्न के रंग में रंगी नजर आईं। 31 दिसंबर की रात से लेकर नए साल के पहले दिन तक देश-विदेश से आए हजारों पर्यटकों ने कड़ाके की ठंड के बीच उत्साह और उमंग के साथ नए वर्ष का स्वागत किया। ‘पहाड़ों की रानी’ मसूरी में माल रोड, गनहिल, केम्पटी फॉल और लाइब्रेरी क्षेत्र देर रात तक गुलजार रहे, वहीं नैनीताल में भी मॉल रोड, झील किनारे और होटलों में रौनक बनी रही।

मसूरी में पर्यटन कारोबार रहा संतोषजनक

नववर्ष के अवसर पर मसूरी के होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे लगभग पूरी तरह भरे रहे। हालांकि सोशल मीडिया पर भीड़ और जाम की तस्वीरें सामने आने के बाद कुछ पर्यटकों ने अपनी बुकिंग रद्द की, लेकिन इसके बावजूद कुल मिलाकर पर्यटन कारोबार अच्छा रहा। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने खास न्यू ईयर पैकेज, लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट और पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों की व्यवस्था की थी, जिसका पर्यटकों ने जमकर आनंद लिया।

सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस रही पूरी तरह मुस्तैद

नववर्ष के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए मसूरी पुलिस ने कड़े इंतजाम किए। पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज असवाल के नेतृत्व में माल रोड सहित प्रमुख इलाकों में मार्च पास्ट किया गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर तीन इंस्पेक्टर, 26 सब इंस्पेक्टर और 60 कांस्टेबल तैनात किए गए थे, जबकि पीएसी की दो बटालियन भी मौके पर मौजूद रहीं। हुड़दंग मचाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर विशेष नजर रखी गई और कई मामलों में चालान व कार्रवाई भी की गई।

प्रशासन की प्राथमिकता रही पर्यटकों की सुविधा

एसडीएम मसूरी राहुल आनंद और पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि प्रशासन का पूरा फोकस पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और यादगार अनुभव देने पर रहा। सुंदर सजावट, ठंडी हवाओं के बीच पहाड़ी व्यंजनों की खुशबू और रंगीन बाजारों ने मसूरी के नववर्ष उत्सव को खास बना दिया। होटल संचालकों ने भी प्रशासन की तैयारियों की सराहना की।

नैनीताल और कॉर्बेट में प्रकृति के बीच नए साल का स्वागत

सरावर नगरी नैनीताल और विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में भी नए साल का जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। पर्यटकों ने झील, जंगल सफारी और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच नए वर्ष का स्वागत किया। कॉर्बेट पार्क और आसपास के रिसॉर्ट पूरी तरह भरे रहे। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया और प्लास्टिक मुक्त नए साल का संदेश दिया गया।

संगीत, संस्कृति और मस्ती का संगम

नैनीताल के प्रमुख होटलों में डीजे और लाइव म्यूजिक की धूम रही। कुमाऊंनी नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बॉलीवुड गीतों पर देर रात तक पर्यटक झूमते रहे। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की ओर से मॉल रोड पर संगीत और ठंड से बचाव के लिए हीटर की व्यवस्था की गई। कुल मिलाकर मसूरी और नैनीताल में नववर्ष का जश्न उत्साह, सुरक्षा और सकारात्मक संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button