गंगोत्री धाम के कपाट 2 नवंबर को शीतकाल के लिए होंगे बंद, छह महीने तक मुखबा में होंगी मां गंगा के दर्शन
The doors of Gangotri Dham will be closed for winter on November 2, Mother Ganga will be seen in Mukhba for six months

उत्तरकाशी के विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट 2 नवंबर 2024 को अन्नकूट पर्व के अभिजीत मुहूर्त पर दोपहर 12:14 बजे श्रद्धालुओं के लिए शीतकाल के दौरान बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद मां गंगा की उत्सव डोली मायके मुखबा (मुखीमठ) के लिए प्रस्थान करेगी, जहां भैया दूज के दिन 3 नवंबर को मां गंगा की पूजा की जाएगी। गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां गंगा आगामी छह महीने तक मुखबा में ही अपने भक्तों को दर्शन देंगी।
यह निर्णय नवरात्रि की नवमी के दिन तीर्थ पुरोहितों द्वारा विधिवत रूप से लिया गया। वहीं, यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने की तिथि 12 अक्टूबर को विजयदशमी के पर्व पर निर्धारित की जाएगी। यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां यमुना खरसाली गांव में अपने भक्तों को दर्शन देंगी।
गंगोत्री धाम के कपाट हर साल अक्षय तृतीया पर्व पर खुलते हैं और शीतकाल के दौरान बंद किए जाते हैं, जिसके बाद मां गंगा अपने मायके में विराजती हैं, जहां श्रद्धालु उनके दर्शन कर सकते हैं।