दिल्ली बम विस्फोट पर गृह मंत्री अमित शाह की उच्च स्तरीय बैठक, कहा – दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा
Home Minister Amit Shah holds high-level meeting on Delhi bomb blast, says culprits will be severely punished.
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में हुए बम विस्फोट के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लगातार दूसरी बार उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में शाह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस कृत्य के पीछे शामिल हर दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सभी अपराधियों को एजेंसियों की कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
गृह मंत्रालय में हुई समीक्षा बैठक
यह बैठक गृह मंत्रालय के कर्तव्य भवन स्थित कार्यालय में आयोजित की गई, जो करीब दो घंटे तक चली। इससे पहले सुबह 11 बजे बैठक का पहला चरण गृह मंत्री के आवास पर हुआ था। बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन डेका, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के महानिदेशक सदानंद वसंत दाते और दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा शामिल हुए। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात भी वर्चुअल माध्यम से बैठक का हिस्सा बने।
लाल किले के पास कार में हुआ था विस्फोट
सोमवार शाम लगभग 7 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 और 4 के बीच ट्रैफिक सिग्नल के पास खड़ी हुंडई i20 कार में धमाका हुआ था। इस विस्फोट में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र को सुरक्षा एजेंसियों ने घेर लिया और एफएसएल, एनएसजी, एनआईए व दिल्ली पुलिस की टीमें जांच में जुट गईं।
एनआईए को सौंपी गई जांच, आतंकी एंगल की जांच शुरू
पहले चरण की बैठक के बाद गृह मंत्रालय ने इस मामले को संभावित आतंकी कृत्य मानते हुए जांच का जिम्मा एनआईए को सौंपने का निर्णय लिया। एनआईए अब दिल्ली पुलिस से औपचारिक रूप से केस का कार्यभार संभालेगी और विस्फोट की प्रकृति, इस्तेमाल की गई सामग्री और संभावित आतंकी कनेक्शन की जांच करेगी। एनआईए जल्द ही इस मामले में एफआईआर दर्ज करेगी और दिल्ली पुलिस द्वारा एकत्र किए गए सभी साक्ष्य अपने कब्जे में लेगी।
फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने में जुटी टीमें
राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीमों ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। मंगलवार सुबह एफएसएल और एनआईए की एक संयुक्त टीम ने स्थल का पुनः दौरा किया और अतिरिक्त फोरेंसिक नमूने लिए। इन साक्ष्यों के आधार पर विस्फोट की प्रकृति और उसके स्रोत का पता लगाया जाएगा।
फरीदाबाद से बरामद विस्फोटकों से जोड़े जा रहे सूत्र
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा समीक्षा बैठक में फरीदाबाद से सोमवार को जब्त किए गए भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ और दिल्ली धमाके के बीच संभावित संबंधों की भी चर्चा की गई। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या दोनों घटनाओं का कोई आपस में संबंध है या यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।
केंद्र सरकार का संदेश – आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति
अमित शाह ने सभी एजेंसियों को समन्वित तरीके से तेजी से कार्रवाई करने और जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश की राजधानी में इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।



