ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने की NRLM प्रगति की समीक्षा, राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों पर जोर
Rural Development Minister Ganesh Joshi reviews NRLM progress, stresses on preparations for national conference
देहरादून: उत्तराखंड के ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने आज अपने कैंप कार्यालय में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की प्रगति और आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि राज्य की सर्वश्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके।
दिसंबर में आयोजित होगा मुख्य सचिवों का राष्ट्रीय सम्मेलन, उत्तराखंड को मिला विशेष दायित्व
अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मुख्य सचिवों का 5वां राष्ट्रीय सम्मेलन दिसंबर 2025 के पहले सप्ताह में ICAR पूसा, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में Thematic Meals की अवधारणा के तहत विविध विषयों पर केंद्रित सत्र होंगे और राज्यों की उत्कृष्ट पहलों पर विशेष चर्चा होगी। भारत सरकार के कई मंत्रालयों और विभागों के साथ उच्चस्तरीय संवाद भी इस कार्यक्रम का हिस्सा होगा।
‘लखपति दीदी 3.0’ थीमैटिक मील के लिए उत्तराखंड के मुख्य सचिव नियुक्त Convenor
सम्मेलन में उत्तराखंड को महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है। राज्य के मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन को “लखपति दीदी 3.0 – ग्रामीण महिलाओं की आय वृद्धि हेतु वैल्यू चेन विकास” थीमैटिक मील का Convenor नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में उत्तराखंड के उत्कृष्ट प्रदर्शन—विशेषकर महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की आर्थिक प्रगति—का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मानी जा रही है।
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए वैल्यू चेन मजबूत करने पर फोकस
सम्मेलन में उत्तराखंड ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से अपने प्रमुख लक्ष्यों को प्रस्तुत करेगा, जिनमें शामिल हैं:
– ग्रामीण महिलाओं की वार्षिक आय बढ़ाने हेतु वैल्यू चेन को मजबूत बनाना।
– एसएचजी आधारित सामुदायिक संस्थाओं को एंटरप्राइज विकास की दिशा में प्रेरित करना।
– उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन को एकीकृत कर ग्रामीण बाजार को सशक्त बनाना।
– सफल आजीविका मॉडलों को राष्ट्रीय स्तर पर साझा करना।
इन प्रयासों का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना है।
“लखपति दीदी” मॉडल बनेगा सम्मेलन का केंद्र, अब तक 1.65 लाख महिलाएँ लाभान्वित
मंत्री गणेश जोशी ने बैठक में कहा कि उत्तराखंड का “लखपति दीदी” मॉडल ग्रामीण महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायक कहानी है। उन्होंने बताया कि अब तक राज्य में 1.65 लाख से अधिक महिलाएँ लखपति दीदी बन चुकी हैं। यह सफलता राज्य के आजीविका मिशन की प्रभावी रणनीति और महिलाओं के मजबूत सहभागिता का परिणाम है।
मंत्री जोशी का निर्देश—तैयारियाँ समयबद्ध हों, नवाचारपूर्ण प्रस्तुति सुनिश्चित की जाए
ग्राम्य विकास मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सम्मेलन में उत्तराखंड की प्रस्तुति प्रभावशाली, नवाचारपूर्ण और परिणाममुखी होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और सभी तैयारियों को समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।

