टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने की दिशा में सरकार संकल्पित: सीएम धामी
The government is committed to bringing Tehri Lake onto the international tourism map, CM Dhami
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। इसके लिए साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिनमें ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग और अन्य एडवेंचर स्पोर्ट्स शामिल हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को टिहरी गढ़वाल के राजकीय इंटर कॉलेज छाम में आयोजित प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सरकार की विकासात्मक नीतियों, सांस्कृतिक संरक्षण, खेलों के विस्तार और सुशासन को लेकर विस्तार से अपने विचार रखे।
लोक-संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का माध्यम बने ऐसे आयोजन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगवान नागराजा की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव जैसे आयोजन हमारी समृद्ध लोक-संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं और सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का कार्य तेजी से हो रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल कॉरिडोर और बदरीनाथ-केदारनाथ धाम के पुनर्विकास जैसे उदाहरण देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दे रहे हैं।
यूसीसी पंजीकरण और विभागीय स्टालों का किया निरीक्षण
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के अंतर्गत पंजीकरण कराने वाले नागरिकों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि यूसीसी राज्य में समानता, पारदर्शिता और सामाजिक न्याय की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार कार्य कर रही है।
खेलभूमि के रूप में विकसित हो रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड को एक प्रमुख खेलभूमि के रूप में विकसित किया जा रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स अकादमी की स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो केवल उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की। इसी दिशा में राज्य सरकार लगातार निवेश कर रही है।
टिहरी झील बनेगी साहसिक पर्यटन का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील में अपार पर्यटन संभावनाएं हैं। सरकार का लक्ष्य है कि इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहसिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए झील क्षेत्र में ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग और अन्य एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही झील के चारों ओर प्रस्तावित रिंग रोड निर्माण से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
रिवर्स पलायन और स्वरोजगार पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। स्वरोजगार, होम-स्टे योजना, स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी योजना और आयुष वेलनेस सेक्टर को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है, जिसे बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।
जीरो टॉलरेंस नीति और सख्त कानूनों का क्रियान्वयन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 10 हजार से अधिक सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया जा चुका है और 6 हजार से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए हैं। दंगारोधी कानून के तहत दंगाइयों से एक-एक पाई की वसूली की जाएगी। सरकार प्रदेश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मूल्यों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी।
अंकिता भंडारी मामले में सरकार का पक्ष
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हमेशा स्वर्गीय अंकिता भंडारी के परिवार के साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा गठित एसआईटी ने करीब ढाई वर्ष तक गहन जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसके आधार पर तीनों आरोपियों को न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा हुई। जब अंकिता के माता-पिता ने सीबीआई जांच की मांग की, तो सरकार ने उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए हर स्तर पर सहयोग दिया और आगे भी पूरा सहयोग जारी रहेगा।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार और विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। यूसीसी, नकल विरोधी कानून जैसे कई ऐतिहासिक निर्णय मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल की उपलब्धियां हैं। कार्यक्रम में थौलधार ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र भंडारी, पूर्व प्रमुख ज्योत सिंह बिष्ट, संजय नेगी, विनोद उनियाल, ब्लॉक भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत, पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



