मसूरी में क्रिसमस का आगाज़, केक मिक्सिंग समारोह के साथ शुरू हुआ उत्सवों का रंगारंग दौर
Christmas begins in Mussoorie, the colourful phase of festivities begins with a cake mixing ceremony
मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में सर्दियों की दस्तक के साथ ही क्रिसमस और नए साल की तैयारी तेज हो गई है। त्योहारों की रौनक की शुरुआत उस विशेष परंपरा से होती है, जिसका स्थानीय लोग और पर्यटक पूरे साल बेसब्री से इंतजार करते हैं—केक मिक्सिंग समारोह। शहर के प्रमुख होटलों में यह अनोखी और पुरानी रिवायत एक बार फिर उत्साह और उमंग लेकर लौटी है।
जेपी रेजीडेंसी मैनर में उमड़ा उत्सव का रंग
बार्लोगंज स्थित जेपी रेजीडेंसी मैनर में आयोजित वार्षिक केक मिक्सिंग समारोह में शहर के साहित्यकारों, स्थानीय गणमान्यों और मेहमानों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। होटल के खुले लॉन में सर्दियों की हल्की धूप के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने सभी को त्योहारों की विशेष खुशबू से सराबोर कर दिया। एग्जीक्यूटिव शेफ तानुज नैयर के मार्गदर्शन में मेहमानों ने परंपरागत शैली से मिश्रण तैयार किया।
इस मिश्रण में ब्लैक करंट, खुबानी, किशमिश, डेट्स, टट्टी-फ्रूटी, सूखी चेरी, रम में भीगे अंजीर, कैंडिड कद्दू, अदरक, कैंडिड ऑरेंज पील और ब्रांडी जैसी खुशबूदार सामग्रियां शामिल की गईं। शेफ तानुज नैयर ने बताया कि “क्रिसमस केक केवल एक मिठाई नहीं है, बल्कि यह महीनों की तैयारी और उत्सव की भावना का प्रतीक है। केक मिक्सिंग इसी खुशी की परंपरा का स्वागत है।”
सुगंध और स्वाद से भरा परंपरा का हिस्सा
समारोह में प्रतिभागियों ने काजू, सुल्ताना, बादाम फ्लेक्स, प्रून्स, जायफल, दालचीनी, अदरक पाउडर और डार्क व व्हाइट रम के साथ रेड व व्हाइट वाइन को मिलाते हुए इस परंपरा को और खास बना दिया। शेफ तानुज के अनुसार यह मिश्रण कई हफ्तों तक सहेजकर रखा जाता है ताकि क्रिसमस के समय बनने वाला पारंपरिक रम केक बेहतरीन सुगंध और स्वाद दे सके।
क्रिसमस एकता और आनंद का प्रतीक—होटल प्रबंधन
जेपी रेजीडेंसी मैनर के जनरल मैनेजर पीयूष कपूर ने कहा कि क्रिसमस ऐसा त्योहार है जो लोगों को जोड़ता है। केक मिक्सिंग सदियों पुरानी परंपरा है और इसे निभाना अपने आप में एक अलग अनुभव देता है। उन्होंने बताया कि होटल दिसंबर महीने के लिए विशेष कार्यक्रम और उत्सव पैकेज तैयार कर रहा है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को एक यादगार अनुभव मिल सके।
त्योहारों की खुशबू से महका मसूरी
मसूरी पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष ओपी उनियाल ने कहा कि ठंडी हवाओं, कारोल्स की धुन और सूखे मेवों की महक के बीच आयोजित केक मिक्सिंग समारोह ने त्योहारों की शुरुआत को बेहद खास बना दिया है। उनके अनुसार, मसूरी अब पूरी तरह क्रिसमस और नए साल के रंग में रंग चुका है और शहर में उत्सव का काउंटडाउन शुरू हो गया है।
सदियों पुरानी यह परंपरा मसूरी के पर्यटक सीजन को नया उल्लास देती है, और आने वाले दिनों में शहर का माहौल और भी ज्यादा उत्सावान होने जा रहा है।

