उत्तराखंड

अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौत

Tragic road accident in Almora, Car falls into a 300-meter deep gorge, driver dies.

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। तल्ला सल्ट क्षेत्र में जिहाड़ और तराड़ी गांव के बीच एक अनियंत्रित कार गहरी खाई में गिर गई, जिससे वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार लगभग 300 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।

अनियंत्रित होकर खाई में गिरी आर्टिगा कार

जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK 20 TA 8080 (आर्टिगा) जिहाड़-तराड़ी मोटर मार्ग पर अचानक अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क संकरी और ढलानयुक्त होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे गहरी खाई में जा समाई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की हुई पहचान

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक चालक की पहचान कुबेर सिंह (40 वर्ष) पुत्र भूपाल सिंह, निवासी कमेटपानी बासोट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुबेर सिंह अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। दुर्घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

रेस्क्यू में जुटी पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस

घटना की सूचना मिलते ही थाना भतरौजखान पुलिस, फायर स्टेशन रानीखेत और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। क्षेत्र दुर्गम और खड़ी ढलान वाला होने के कारण रेस्क्यू कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। गहरी खाई और कठिन भू-भाग के चलते राहत कार्य घंटों तक चला।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी साहस दिखाते हुए रेस्क्यू टीमों का पूरा सहयोग किया। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर खाई में उतरकर शव को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया।

एहतियातन चलाया गया सर्च अभियान

रेस्क्यू के दौरान आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान भी चलाया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहन में कोई अन्य व्यक्ति तो सवार नहीं था। स्थानीय लोगों से पूछताछ और जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि कार में केवल चालक ही मौजूद था।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

पहाड़ी सड़कों पर सतर्कता की अपील

इस हादसे के बाद पुलिस और परिवहन विभाग ने एक बार फिर लोगों से पहाड़ी इलाकों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी अक्सर ऐसे दर्दनाक हादसों का कारण बनती है। बावजूद इसके, नियमों की अनदेखी के चलते आए दिन लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button