विश्व पर्यटन दिवस पर देहरादून से जिम्मेदार यात्रा का संदेश, वेस्ट वॉरियर्स ने लॉन्च किया “गुड गेस्ट गाइड”
A message of responsible travel from Dehradun on World Tourism Day, Waste Warriors launches “Good Guest Guide”

देहरादून, 27 सितंबर 2025: विश्व पर्यटन दिवस पर राजधानी देहरादून में पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन का मजबूत संदेश देते हुए वेस्ट वॉरियर्स संस्था और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) ने संयुक्त रूप से “गुड गेस्ट गाइड” पेश किया। एयरबीएनबी (Airbnb) कम्युनिटी फंड के सहयोग से तैयार यह अनोखा गाइड यात्रियों को प्रकृति और स्थानीय संस्कृति का सम्मान करते हुए यात्रा करने के आसान उपाय बताता है।
फेयरफील्ड होटल में आयोजित इस खास कार्यक्रम को लोकसंस्कृति की झलक ने और यादगार बना दिया। पद्मश्री सम्मानित लोकगायिका बसंती बिष्ट ने पारंपरिक जागर प्रस्तुत कर वातावरण को सुरमय कर दिया। समारोह में राज्य के वरिष्ठ अधिकारी और पर्यावरण कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति
इस अवसर पर वन प्रमुख डॉ. समीर सिन्हा, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अपर सचिव और अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक रोहिला, राज्य मंत्री श्याम अग्रवाल, रेडियो ओ हो के संस्थापक काव्य और पर्यटन विभाग की अपर निदेशक पूनम चाँद मुख्य रूप से शामिल हुए। साथ ही एयरबीएनबी और वेस्ट वॉरियर्स संस्था के प्रतिनिधियों ने भी पहल को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
पर्यटन और पर्यावरण का संतुलन
उत्तराखंड हर साल लाखों पर्यटकों का स्वागत करता है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। लेकिन बढ़ते पर्यटन दबाव के बीच प्राकृतिक संतुलन बनाए रखना बड़ी चुनौती है। “गुड गेस्ट गाइड” का मकसद यात्रियों को प्रेरित करना है कि वे सफर के दौरान छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर हिमालय की नाजुक पारिस्थितिकी को सुरक्षित रखें।
अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक रोहिला ने कहा, “अतिथि देवो भव की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जिम्मेदार पर्यटन को प्रोत्साहन देना हमारी प्राथमिकता है। यह गाइड यात्रियों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएगा।”
वेस्ट वॉरियर्स के सीईओ विशाल कुमार के मुताबिक, “हम चाहते हैं कि पर्यटक हिमालय का आनंद जिम्मेदारी से लें। गाइड में रोजमर्रा के सरल उपाय बताए गए हैं जो हर यात्री को जिम्मेदार नागरिक बना सकते हैं।” एयरबीएनबी इंडिया और साउथ ईस्ट एशिया के कंट्री हेड अमनप्रीत बजाज ने भी इस पहल को स्थायी पर्यटन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
गाइड की खास बातें
गुड गेस्ट गाइड में उत्तराखंड और हिमाचल की संस्कृति से जुड़े रोचक तथ्य, पुन: उपयोग योग्य वस्तुओं का इस्तेमाल, पानी की बचत, स्थानीय परंपराओं का सम्मान और कचरा कम करने जैसे व्यावहारिक सुझाव शामिल हैं। इसमें “गुड गेस्ट चेकलिस्ट” भी है, जिससे पर्यटक अपनी यात्रा को जिम्मेदार और पर्यावरण हितैषी बना सकेंगे। यह गाइड प्रमुख पर्यटन स्थलों, होमस्टे और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध कराया जाएगा।
संगठन की पृष्ठभूमि
वेस्ट वॉरियर्स संस्था पिछले 13 वर्षों से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कचरा प्रबंधन और सामुदायिक जागरूकता पर काम कर रही है। वहीं, एयरबीएनबी दुनिया भर में लाखों होस्ट्स और अरबों अतिथियों के साथ सतत पर्यटन को प्रोत्साहन दे रहा है।
कार्यक्रम का संदेश साफ रहा—“यात्रा पर सिर्फ सामान नहीं, जिम्मेदारी भी साथ लाएं।”