नई महामारी का खतरा? चीन में मिला नया बैट वायरस
दुनिया अभी तक COVID-19 के प्रभावों को पूरी तरह भूल नहीं पाई है, और अब एक नए बैट कोरोनावायरस HKU5-CoV-2 की खोज से चिंता बढ़ गई है। यह नया वायरस COVID-19 (SARS-CoV-2) की तरह ही इंसानों को संक्रमित करने की क्षमता रखता है, हालांकि इसकी प्रभावशीलता कम बताई जा रही है।
चीनी वैज्ञानिकों ने खोजा नया वायरस
चीनी वैज्ञानिक शी झेंगली के नेतृत्व में वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी की एक टीम ने इस वायरस की खोज की है। शी झेंगली को कोरोनावायरस पर शोध के कारण “बैटवुमन” के नाम से भी जाना जाता है।
कितना खतरनाक है HKU5-CoV-2?
- यह वायरस मेरबेकोवायरस सबजेनस का हिस्सा है, जिसमें MERS वायरस भी शामिल है।
- वैज्ञानिकों के अनुसार, यह वायरस मनुष्यों के ACE2 रिसेप्टर्स से जुड़ सकता है, जिससे इंसानों में संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
- फिलहाल इस वायरस से कोई भी इंसान संक्रमित नहीं पाया गया है और इसकी संक्रमण फैलाने की क्षमता SARS-CoV-2 से कम मानी जा रही है।
नया बैट वायरस के लक्षण क्या हो सकते हैं?
चूंकि अभी तक HKU5-CoV-2 का कोई सत्यापित मामला सामने नहीं आया है, लेकिन इसके संभावित लक्षण COVID-19 और MERS जैसे हो सकते हैं:
सांस लेने में कठिनाई
गला खराब होना
बुखार और खांसी
थकान और शरीर में दर्द
कैसे फैल सकता है यह वायरस?
- चमगादड़ों से सीधा संचरण – संक्रमित चमगादड़ के संपर्क में आने से।
- मध्यस्थ मेजबान के जरिए – जैसे कोई अन्य स्तनपायी जानवर पहले संक्रमित हो और फिर यह वायरस इंसानों में फैल जाए।
कितना सतर्क रहने की जरूरत?
वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल HKU5-CoV-2 के मानवीय संक्रमण का कोई प्रमाण नहीं मिला है, लेकिन इसके संभावित खतरों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इस पर शोध जारी है, और सतर्कता बनाए रखने की सलाह दी गई है।
कैसे करें बचाव?
टीकाकरण को अपडेट रखें।
मास्क पहनें और भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें।
हाथों की सफाई पर ध्यान दें।
किसी भी नए संक्रमण के लक्षणों पर जांच करवाएं।
क्या HKU5-CoV-2 अगली महामारी बन सकता है?
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, वैज्ञानिकों का मानना है कि इस वायरस को लेकर अनावश्यक घबराहट की जरूरत नहीं है क्योंकि यह इंसानों में आसानी से प्रवेश नहीं करता। हालांकि, इस पर सतत निगरानी जरूरी है ताकि भविष्य में किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।


