उत्तराखंड

Tamli Dussehra Mahotsav: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तामली दशहरा महोत्सव में की कई विकास योजनाओं की घोषणा, विजयादशमी पर दी शुभकामनाएं

CM Dhami announced many development schemes in Tamli Dussehra Mahotsav, extended best wishes on Vijayadashami.

रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के तामली (तल्लादेश) में आयोजित दशहरा महोत्सव में भाग लिया और क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें तामली से पोलप-रूपालीगाड़ तक मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, लिफ्ट पेयजल योजना, दशहरा मेला स्थल का सौंदर्यीकरण, रणकोची मंदिर की बाढ़ सुरक्षा, आपात सेवा 108 एम्बुलेंस की सुविधा, बकौड़ा सीमा अश्वमार्ग का सुधारीकरण, और सतकुला को जोड़ने वाले मोटरपुल का निर्माण शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने बाबा गोरखनाथ को नमन करते हुए सभी को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं और तामली क्षेत्र के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चंपावत और पिथौरागढ़ का नेपाल से निकट संबंध है, और यहां की संस्कृति दोनों देशों के आपसी मित्रता और प्रेम की प्रतीक है। महोत्सव जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रखते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के पलायन को रोकने के प्रयासों पर जोर देते हुए कहा कि राज्य में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने उत्तराखंड की महिलाओं के लिए 30% आरक्षण, नकल विरोधी कानून, और धर्मांतरण रोधी कानून को राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में से एक बताया। मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस पर समान नागरिकता संहिता (UCC) लागू करने की बात कही, जिससे उत्तराखंड यह कानून लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनेगा।

दशहरे के महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व धर्म की अधर्म पर जीत का प्रतीक है और हमें सिखाता है कि सत्य की हमेशा जीत होती है। उन्होंने प्रभु श्रीराम के आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल सिंह मेहरा, जिलाधिकारी नवनीत पांडे, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button