उत्तराखंड

उत्तराखंड में 77वां गणतंत्र दिवस श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया

The 77th Republic Day was celebrated in Uttarakhand with devotion, respect, and patriotism.

देहरादून/अल्मोड़ा/मसूरी: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में राजधानी से लेकर पहाड़ों तक राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय में डीजीपी दीपम सेठ ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने फायर स्टेशन टनकपुर (जनपद चंपावत) को ‘बेस्ट फायर स्टेशन’ की ट्रॉफी प्रदान की, वहीं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस कर्मियों को ‘डीजीपी डिस्क गोल्ड’ और ‘डीजीपी डिस्क सिल्वर’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि देश आज अपने महान संविधान के तहत 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है और यह वर्ष उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती का भी साक्षी है। उन्होंने कहा कि बीते 25 वर्षों में उत्तराखंड पुलिस ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को आत्मसात करते हुए कानून व्यवस्था और मानवाधिकारों के संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखा है। उन्होंने राष्ट्रपति, राज्यपाल और डीजीपी स्तर के पुरस्कार पाने वाले सभी पुलिस कर्मियों को बधाई दी।

डीजीपी ने बताया कि इस वर्ष पहली बार चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को सम्मानित करने की परंपरा शुरू की गई है, जो विभाग की रीढ़ हैं। इसके साथ ही 1106 अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नति का लाभ दिया गया, जो विभागीय मनोबल बढ़ाने की दिशा में अहम कदम है।

अल्मोड़ा में भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम

अल्मोड़ा पुलिस लाइन में 77वें गणतंत्र दिवस पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। आकर्षक परेड, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इससे पूर्व नंदा देवी मंदिर से चौघानपाटा तक प्रभात फेरी निकालकर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने ध्वजारोहण कर संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।

मसूरी में गरिमा और सम्मान के साथ आयोजन

पहाड़ों की रानी मसूरी में भी गणतंत्र दिवस पूरे सम्मान और उल्लास के साथ मनाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर समाज, खेल और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया, जिनमें उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जोत सिंह गुनसोला सहित कई नाम शामिल रहे।

हालांकि कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने राष्ट्रीय पर्व पर राजनीति किए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे अवसर राजनीति से ऊपर होते हैं और यह दिन देश, संविधान और शहीदों को समर्पित होना चाहिए। कुल मिलाकर, उत्तराखंड में 77वां गणतंत्र दिवस एकता, सम्मान और संविधान के प्रति आस्था के संदेश के साथ मनाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button