Uttarakhand Rain Alert: उत्तराखंड में बारिश का कहर, 136 ट्रेकर्स के लिए हेलीकॉप्टर रेस्क्यू की तैयारी, अफसर 24×7 अलर्ट
Rain wreaks havoc in Uttarakhand, preparations underway for helicopter rescue of 136 trekkers, officials on 24/7 alert.
देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। कई पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के कारण लैंडस्लाइड और रास्ते बाधित होने की स्थिति सामने आ रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया है। ऐसे में सरकार ने आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
उत्तरकाशी में 136 ट्रेकर्स के रेस्क्यू की तैयारी
बारिश और खराब मौसम के बीच हाई एल्टीट्यूड ट्रेकिंग रूटों पर मौजूद लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। उत्तरकाशी में 10 ट्रेकिंग दलों के कुल 136 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टर रेस्क्यू की तैयारी की गई है। प्रशासन की ओर से दुर्गम क्षेत्रों में फंसे लोगों तक जल्द सहायता पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है।
वहीं बागेश्वर में 43 ट्रेकर्स को मौसम खराब होने के कारण फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रोका गया है। अधिकारियों के अनुसार ये ट्रेकर्स फंसे हुए नहीं हैं। मौसम में सुधार के बाद उन्हें आगे भेजने को लेकर फैसला लिया जाएगा।
मुख्य सचिव ने आपदा प्रबंधन की समीक्षा की
लगातार बारिश से पैदा हुए हालात को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रविवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों और सभी जिलाधिकारियों से जानकारी ली। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।
जरूरत पड़ने पर बढ़ाई जाएगी हेलीकॉप्टरों की संख्या
रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पर्याप्त हेलीकॉप्टर तैयार रखने को कहा गया है। यूकाडा के माध्यम से उपलब्ध हेलीकॉप्टरों को तैयार रखने के साथ जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त हेलीकॉप्टरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदलने की स्थिति को देखते हुए रेस्क्यू प्लान में आवश्यक बदलाव करने को भी कहा गया है।
हर हेलीकॉप्टर में सैटेलाइट फोन जरूरी
दुर्गम इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को देखते हुए रेस्क्यू अभियान में शामिल हेलीकॉप्टरों में सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इससे अभियान के दौरान टीमों के बीच संपर्क बनाए रखने में मदद मिलेगी।
ट्रेकर्स की मेडिकल जांच की भी व्यवस्था
रेस्क्यू के बाद ट्रेकर्स की स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग को तैयार रहने को कहा गया है। एम्स ऋषिकेश और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए अलर्ट किया गया है।
चारधाम यात्रा और नदियों के जलस्तर पर नजर
प्रशासन को चारधाम यात्रा मौसम और सड़क की स्थिति देखकर संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। खराब मौसम या मार्ग बंद होने पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने को कहा गया है। साथ ही सभी जिलों में नदियों के जलस्तर की 24 घंटे निगरानी और नदी किनारे रहने वाले लोगों को समय पर अलर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
