उत्तराखंड

उत्तराखंड में मौसम का बदलेगा मिजाज, अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट, 15-16 मार्च को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

Weather in Uttarakhand to change, yellow alert for next 24 hours, orange alert issued in several districts on March 15-16

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में खराब मौसम की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट 14 मार्च दोपहर 1:45 बजे से 15 मार्च 2026 की दोपहर 1:45 बजे तक प्रभावी रहेगा। वहीं राज्य मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 15 और 16 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।

कई पहाड़ी जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार येलो अलर्ट के दौरान राज्य के ऊंचाई वाले जिलों में मौसम तेजी से बदल सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने और तूफान आने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों के कुछ संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। उत्तरकाशी जिले के बड़कोट और पुरोला, चमोली जिले के जोशीमठ, बदरीनाथ, उर्गम घाटी और थराली क्षेत्र में मौसम खराब रहने की आशंका है। इसके अलावा बागेश्वर के कपकोट और पिथौरागढ़ के मुनस्यारी तथा बेरीनाग क्षेत्रों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

19 मार्च तक बारिश और बर्फबारी का अनुमान

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार प्रदेश में 19 मार्च तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है। पहाड़ी जिलों में इस अवधि के दौरान कई स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं मैदानी जिलों में भी अगले तीन दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से प्रदेश के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।

15 और 16 मार्च को ऑरेंज अलर्ट

राज्य मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 15 मार्च को हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ बादल गरजने और बिजली गिरने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

इन क्षेत्रों में तेज तूफान के साथ मौसम अचानक खराब हो सकता है। पहाड़ी जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश के दौर आने की संभावना जताई गई है।

मैदानी जिलों में भी रहेगा असर

मौसम विभाग ने 16 मार्च को भी इन मैदानी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दिन बिजली गिरने, तेज तूफान और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी। हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

पूर्वानुमान के अनुसार 17 मार्च को मौसम कुछ हद तक शांत रहने की संभावना है। हालांकि 18 मार्च को फिर से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बिजली गिरने और तूफान आने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button