मनरेगा श्रमिकों को कल्याण बोर्ड योजनाओं का लाभ, सीएम धामी ने किया ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का शुभारंभ
MNREGA workers to benefit from welfare board schemes, CM Dhami launches online registration process
देहरादून: उत्तराखंड के मनरेगा श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मनरेगा कर्मकारों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह कदम राज्य के अंतिम व्यक्ति तक विकास को पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
16.3 लाख रजिस्टर्ड श्रमिकों में से 9.5 लाख सक्रिय, अब मिलेंगे कल्याणकारी लाभ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने बताया कि उत्तराखंड में मनरेगा के तहत कुल 16.3 लाख श्रमिक रजिस्टर्ड हैं, जिनमें से 9.5 लाख सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। इनमें से वे श्रमिक जो वर्ष में न्यूनतम 90 दिन काम करते हैं, अब कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। सरकार का उद्देश्य है कि स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा सभी तक समान रूप से पहुंच सके।
बोर्ड में अब जुड़ेगा लाखों श्रमिकों का नया वर्ग
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि वर्तमान में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में 5.35 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं। मनरेगा श्रमिकों के जुड़ने के बाद यह संख्या लाखों में और बढ़ जाएगी, जिससे अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिक कल्याण के साथ ही उद्योगों और निवेशकों के लिए भी अनुकूल माहौल तैयार कर रही है।
खनन क्षेत्र से बढ़ी आर्थिक मजबूती, केंद्र से मिली 200 करोड़ की सहायता
सीएम धामी ने बताया कि सरकार की सकारात्मक नीतियों ने खनन क्षेत्र की नकारात्मक धारणा को बदला है। जहां पहले खनन से 400 करोड़ रुपये का राजस्व मिलता था, वहीं अब यह बढ़कर 1200 करोड़ रुपये हो गया है। खनन क्षेत्र में सुधारों को देखते हुए केंद्र सरकार ने Uttarakhand को 200 करोड़ रुपये की विशेष सहायता भी प्रदान की है।
सिंगल विंडो सिस्टम से आसान हुआ निवेश, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हुआ शुरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से राज्य ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर तेजी से काम कर रहा है। उद्योगों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम जैसी सुविधाएं बढ़ाई गई हैं, ताकि निवेशक अनावश्यक प्रक्रियाओं में न उलझें। श्रम विभाग और ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से मनरेगा श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन अब ब्लॉक स्तर पर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
स्वास्थ्य, शिक्षा और शादी सहायता सहित कई लाभ मिलेंगे
कर्मकार कल्याण बोर्ड के सचिव श्रीधर बाबू ने बताया कि मनरेगा श्रमिकों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। श्रमायुक्त पीसी दुम्का ने कहा कि अब मनरेगा श्रमिक भी अन्य पंजीकृत श्रमिकों की तरह स्वास्थ्य सहायता, बच्चों की शिक्षा, बेटियों की शादी और मृत्यु सहायता सहित सभी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।



