दिल्ली कार ब्लास्ट में उत्तराखंड का युवक घायल, शादी की शॉपिंग के लिए गया था दिल्ली
A young man from Uttarakhand was injured in the Delhi car blast; he had gone to Delhi for wedding shopping.

रुद्रप्रयाग/उधम सिंह नगर: दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार को हुए भीषण कार ब्लास्ट में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। विस्फोट के बाद एफएसएल टीम सहित कई जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचकर कारणों की पड़ताल में जुटी हैं। इसी बीच खबर मिली है कि इस हादसे में उत्तराखंड का एक युवक भी घायल हुआ है, जो अपने विवाह की तैयारियों के लिए दिल्ली गया था।
शादी की शॉपिंग करने गया था हर्षिल
गदरपुर निवासी 28 वर्षीय हर्षिल सेतिया पुत्र संजीव सेतिया दिल्ली में लाल किले के पास हुए ब्लास्ट में घायल हो गया। उसके पिता संजीव सेतिया ने बताया कि उनका बेटा फरवरी में शादी करने वाला है। वह अपनी मां, छोटे भाई और मंगेतर के साथ शॉपिंग करने दिल्ली गया था। सोमवार दोपहर जब वह लाल किले के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक कार ब्लास्ट हो गया। विस्फोट के दौरान हर्षिल की कार का शीशा खुला था, जिससे उसे कांच के टुकड़े लग गए और वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई है। परिजनों ने बताया कि हर्षिल को जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
उत्तराखंड में हाई अलर्ट घोषित
दिल्ली विस्फोट के बाद उत्तराखंड पुलिस भी अलर्ट मोड में आ गई है। देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और उधम सिंह नगर जिलों में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विशेष रूप से उधम सिंह नगर के काशीपुर में पुलिस ने रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड, स्टेडियम चौराहा, टांडा तिराहा और अन्य भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
एसपी काशीपुर ने खुद किया निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर काशीपुर एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने स्वयं मोर्चा संभाला और विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस टीमों को आदेश दिया गया है कि सभी वाहन, यात्री और सामान की गहन जांच की जाए ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
रुद्रप्रयाग में भी बढ़ाई गई गश्त
दिल्ली ब्लास्ट के बाद रुद्रप्रयाग में भी पुलिस ने सतर्कता के स्तर को बढ़ा दिया है। जिले के सभी थाना और चौकियों पर सुरक्षा और गश्त को मजबूत किया गया है। सीमाओं पर वाहनों की जांच के साथ-साथ धार्मिक स्थलों, बाजारों और बस अड्डों पर भी पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
एसपी रुद्रप्रयाग की अपील – सतर्क रहें, अफवाहों से बचें
एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय कोंडे ने बताया कि जिले की सभी पुलिस इकाइयों को सतर्क रहने और नियंत्रण कक्ष से निरंतर संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।



