तेज़ बारिश में भी डीएम बसंल ने फरियादियों की सुनी समस्याएं
Even in heavy rain, DM Basnal heard the problems of the complainants
देहरादून: भारी बारिश और आपदा जैसे हालातों के बीच जिलाधिकारी सविन बसंल ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और डीएम ने धैर्यपूर्वक सभी की बातें सुनीं। कार्यक्रम में भूमि विवाद, घरेलू झगड़े, मुआवजा, आर्थिक सहायता, पेयजल, पुलिस, शिक्षा, रोजगार और अन्य विषयों से जुड़ी कुल 78 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकतर का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
बुजुर्ग और महिलाओं की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई
विवेक विहार, हरबर्टपुर की 81 वर्षीय राममूर्ति ने बताया कि उनका बेटा और बहू मारपीट कर रहे हैं और डराते-धमकाते हैं। इस पर डीएम ने उप जिलाधिकारी विकासनगर को भरणपोषण अधिनियम के तहत तत्काल मामला दर्ज करने के निर्देश दिए।
लोहिया नगर, ब्रह्मपुरी की 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि पुत्र के निधन के बाद उनकी आजीविका का कोई सहारा नहीं है और दवाओं के लिए भी धन नहीं है। डीएम ने प्रभारी अधिकारी को राइफल क्लब फंड से तत्काल आवेदन करने के निर्देश दिए।
विधवा महिला को कानूनी हक दिलाने के आदेश
ग्राम लांघा, विकासनगर की विधवा महिला रक्षा ने शिकायत की कि पति की मृत्यु के बाद ससुराल पक्ष उन्हें कानूनी भूमि हिस्से से वंचित कर रहा है। डीएम ने तहसीलदार विकासनगर को तीन दिन में कार्रवाई की रिपोर्ट देने को कहा।
दीपनगर की कुसुमलता ने अपने पति द्वारा खरीदे गए वाहन का ऋण माफ करने की मांग रखी, जिस पर डीएम ने एलडीएम को जांच के निर्देश दिए।
सामुदायिक केंद्र के लिए धनराशि स्वीकृत
मायाकुण्ड के जीर्ण-शीर्ण सामुदायिक केंद्र में महिला सिलाई प्रशिक्षण और बच्चों की रेमेडियल टीचिंग संचालित करने वाली पैरा खिलाड़ी नीरजा गोयल ने भवन के उपकरणों के लिए सहयोग मांगा। पहले से स्वीकृत ₹43 लाख से भवन का निर्माण हो चुका था, अब डीएम ने फर्नीचर व उपकरण हेतु ₹1.75 लाख का चेक प्रदान किया।
आपदा से जुड़े मामलों पर तुरंत निर्देश
जमनीवाला निवासी मोहन सिंह ने बताया कि भू-धंसाव के कारण उनके मकान के आगे का पुश्ता ढह गया है, जिससे घर को खतरा है। उन्होंने प्राथमिकता पर पुश्ता निर्माण की मांग की। गणेशपुर निवासी पूर्व सैनिक ने आपदा से क्षतिग्रस्त पुलिया के शीघ्र निर्माण की मांग की। चांदपुर खुर्द में पेयजल ट्यूबवेल पर विद्युत संयोजन की मांग पर यूपीसीएल को तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया।
जनता की समस्याओं का तेज निस्तारण
भूमि सीमांकन, रजिस्ट्री, अवैध कब्जा हटाने और अन्य विवादों से जुड़ी कई समस्याएं भी सामने आईं। डीएम सविन बसंल ने सभी मामलों में त्वरित सुनवाई कर संबंधित विभागों को तुरंत कार्यवाही के आदेश दिए और आश्वस्त किया कि कोई भी फरियादी निराश नहीं लौटेगा।

